Sunday, 1 June 2014

रिश्ते की बुनियाद



श्याम सुन्द दीप्ति (डॉ.)

आज किटी पार्टी की बारी रमा की है। उसकी तैयारी में अनिल पूरी भाग-दौड़ कर रहा है। पूरे चाव से जुटा हुआ है, उम्र चाहे तेरह-चौदह साल ही है।
उसका यह ‘अनिल’ नाम पता नहीं उसके माँ-बाप ने रखा था या उसकी इस मालकिन रमा ने।
अनिल रमा के पास लगभग पिछले छः महीने से है। शहर में लग रही फैक्टरी में जब मज़दूरों की ज़रूरत थी तो बहुत से मज़दूर यू.पी., बिहार से आए थे। अनिल अपने पिता के साथ आ गया था। माँ को अनिल के साथ बहुत लगाव था, बड़ा बच्चा होने के कारण। वह उसे नहीं भेजना चाहती थी। घर की मंदी हालत, पाँच बच्चे, और कोई चारा भी नहीं था।
अनिल सारा दिन रमा के काम में हाथ बंटाता। घर से कचहरी तक।
रमा का काम क्या था? कागज-पेपर तस्दीक करने। नौटरी का काम था। रमा ने विवाह के बाद वकालत नहीं की थी। यह तो दोनों बच्चों के सैट होने के बाद, वक्त काटने के लिए मेज-कुर्सी लगा ली थी कचहरी में। रमा की गैर-हाजिरी में अनिल वहाँ ग्राहकों को बैठाता, उन्हें चाय-पानी पूछता। वह मुंशी था एक तरह से।
किटी पार्टी में औरतों का आना शुरू हो गया था। आते ही अनिल उन्हें ठंडा पिलाता। बहुत-सी औरतें यद्यपि अनिल को पहली बार मिल रही थीं, परंतु रमा की तरफ से उससे परिचित थीं–‘हर बात ध्यान से सुनता है’, ‘दिल लगा कर काम करता है’, हर आए-गए को पूरी तवज्जो देता है’।
“खूब सजा है आज तो। सूट भी नया डाला लगता है।“एक औरत ने कहा।
“हाँ, बीबी जी ने नया कपड़ा लाकर दिया। हमने पहली बार नए कपड़े पहने हैं बीबी जी के घर आकर।”
“इसी तरह किसी और ने कहा, “खूब जंच रहा है आज तो, हीरो बन गया है, पंजाब में आकर।”
अनिल ने पूरी बात सुनकर कहा, “मैं न रोज नहाता हूँ। साबुन से पहली बार नहाया।“ और फिर जरा शरमा कर बोला, “हमारा रंग भी गोरा हो गया है।
साथ बैठी औरत को जैसे मजाक सूझा, “अच्छा! फिर तो तू जब घर जाएगा, तेरी माँ ने अगर तुझे पहचाना ही नहीं तो?”
“अच्छा ही है। नहीं पहचानेगी तो, मैं यहाँ ही रह जाऊँगा. बीबी जी के पास।” अनिल ने एकदम जवाब दिया।
                         -0-

Sunday, 25 May 2014

गरीब की जाई



प्रीत नीतपुर

ससुराल से पहली बार  वह मायके आई थी। गाँव के बस-अड्डे पर उतरी तो उसे बस-अड्डा कुछ बदला-बदला सा लगा। यह वही बस-अड्डा था, जहां से वह रोज़ाना घास की गठरी लेकर गुज़रती थी।
“इतनी जल्दी, इतना कुछ कैसे बदल गया?” वह बुड़बुड़ाई। वास्तव में तो कुछ भी नहीं बदला था, बस उसका भ्रम ही था।
“बेटी भुच्चो, ठीक है…?” फलों की रेहड़ी लगाने वाले, दलितों की बस्ती में रहते रिश्ते के ताऊ ने उसका हालचाल पूछा।
उसे यूँ लगा, जैसे ताऊ ने उसका अपमान किया हो। उसका मन बुझ सा गया। वह कहना चाहती थी, ‘ताऊ! अब मैं भुच्चो नहीं, भूपिंदर कौर हूँ…भूपिंदर कौर…।’
“हाँ ताऊ, मैं ठीक हूँ।” कहकर वह अपने पति के नज़दीक होती बोली, “बच्चों के लिए कोई चीज ले लें।”
“हां, ले ले।” पति को भी याद आया कि पहली बार ससुराल खाली हाथ नहीं जाते।
भुच्चो के पूछने पर रेहड़ी वाले ने बताया, “केले चौदह रुपये दर्जन…संतरे चौबीस रुपये…और सेब…।”
‘बड़े तीन भाइयों के कितने बच्चे हैं, दर्जन केलों में से तो एक-एक भी हिस्से नहीं आएगा।’–भुच्चो ने सोचा और धीमी-सी आवाज़ में घरवाले से पूछा, “ फिर कितने लें…?”
“देख ले…’गर दस से ज्यादा खर्च लिए तो वापसी का किराय नहीं बचेगा…।”
“हाय रब्बा!” एक लंबी आह उसके भीतर आग की लपट की तरह फिर गई।
‘हम गरीबों की जाई, मायके में भी भुच्चो और ससुराल में भी भुच्चो!’
भुच्चो को यूँ महसूस हुआ जैसे वह बिवाई-फटे नंगे पाँव घास की पहले से भी भारी गठरी उठाए अड्डे में से गुज़र रही हो।
                         -0-


Thursday, 15 May 2014

मुहर



निरंजन बोहा

बुढ़ापा-पेंशन के फार्म तसदीक करवाने के लिए वह अपने गाँव की महिला सरपंच के घर गया। वह भैंस की धार निकाल रही थी।
“जी, इन फार्मों पर आपके हस्ताक्षर करवाने हैं।” मैंने विनती की।
“सरदार जी मंडी गए हैं, शाम तक आएँगे…फार्म-फूर्म का काम वे ही करते हैं। शाम को आ जाना।” महिला सरपंच ने बिना फार्म देखे कह दिया।
औरत को सत्ता में भागीदार बनाने के लिए बने कानून की सार्थकता संबंधी विचार करता, मैं निराश हो घर लौट आया।
शाम को सरपंच का पति करतार सिंह घर ही मिल गया। उसने मेरे फार्मों पर झट से मुहर लगा दी। फिर जूठे बर्तन माँज रही अपनी पत्नी को आदेशात्मक स्वर में कहा, “अरी, यहाँ हस्ताक्षर कर दे, अपने ही आदमी हैं।”
मुझे लगा जैसे करतार सिंह ने मेरे फार्म पर एक की जगह दो मुहरें लगा दी हों।
                          -0-

Friday, 2 May 2014

प्रश्नचिह्न



विवेक

‘यहीं तो रखी थी, किधर गई?’ राम शरण ने अलमारी के खानों में ऊपर-नीचे हाथ मारते हुए अपने-आप से कहा। भूख से शायद उसके पेट में थोड़ा दर्द भी हो रहा था। ऊपर से ज़िंदगी का अंतिम पहर। उस ने फिर से रोटी ढूँढ़ने की कोशिश की। रात की बची एक रोटी उसने सुबह के लिए सँभाल कर रख ली थी।
राम शरण अक्सर ही रात के भोजन में से एक रोटी बचा कर अलमारी में रख लेता था। सभी ओर देख कर भी उसे रोटी न मिली। अंततः बेहाल अवस्था में वह चारपाई पर बैठ गया।
“दादा जी, आप क्या ढूँढ़ रहे थे?” उसके सात वर्षीय पोते ने पूछा।
“बेटे, यहाँ अलमारी में एक रोटी रखी थी, पता नहीं कहाँ गई?” राम शरण ने परेशानी की हालत में अपने पोते से कहा।
“वह रोटी तो मैंने खाली। साथ ही मम्मी को भी कह दिया कि दादा जी की अलमारी में रोटी पड़ी थी। मम्मी कहती, अब तेरे दादा जी को फालतू रोटी नहीं देनी, खाते तो है नहीं, यूँ ही सँभाल कर रख देते हैं।”
“बेटे, तू रोटी खा लेता, पर अपनी मम्मी को न बताता। मुझे तो पहले ही रोटी कम मिलती है। मैं तो रोटी बचा-बचा कर खाता हूँ।” रोटी की कमी और उदासी प्रश्नचिह्न बन कर राम शरण के चेहरे पर लटक गईं।
                         -0-